अनूप सिंह
मझिआँव(गढ़वा):- प्रकाश एवं खुशियों का पर्व दीपावली पर शनिवार को आर.के. पब्लिक स्कूल, उंचरी, मंझिआँव में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को मिट्टी के आकर्षक दीयों से सजाया गया था।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रातःकालीन सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की सुंदर झाँकी प्रस्तुत की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। वहीं, ‘मेरे घर राम आए हैं’ गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर अंतर-सदनीय रंगोली निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ब्रह्मपुत्र सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।


