ईद का त्यौहार आपसी भाईचारा, प्रेम एवं सहयोग का प्रतीक : सुमित्रा
अनूप सिंह

मझिआंव:- मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में ईद त्योहार भाई चारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नगर पंचायत के मुख्य बाजार,भुसुआ, करमडीह के जोगीविर, झपही,सोनपुरवा,कामत तलसबरिया, बरडीहा के आदर,लेभरी एवं असना जरही के ईदगाह में लोग सुबह की नमाज अदा कर एक दूसरे से गले मिले। और भाई चारे का संदेश दिया। जबकि जोगिवीर ईद गाह में लगभग आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोग नमाज अदा किए। वहीं लोग एक दूसरे के यहां भी गए, और सेवइयां और मिठाई खिलाए।
वहीं ईद के पावन अवसर पर नव निर्वाचित मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के घर-घर जाकर लोगों को ईद की हार्दिक बधाई एवं मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने सभी से मिलकर उनकी खुशियों में शामिल होने का प्रयास किया और समाज में एकता एवं प्रेम का संदेश दिया।
सुमित्रा देवी ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सहयोग का प्रतीक है। यह पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन से ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है, और वे सभी के सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य करेंगी।
उनकी इस पहल से लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके इस कदम की सराहना की। कई लोगों ने इसे समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।
इस अवसर पर सुमित्रा देवी ने सभी से मिलकर शांति, भाईचारे और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनका यह कदम न केवल एक जनप्रतिनिधि के कर्तव्यों को दर्शाता है, बल्कि समाज में सौहार्द और एकजुटता को भी मजबूत करता है। वहीं क्षेत्र में पुलिस निरीक्षक बृज कुमार एवं थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो,ऋषिकेश कुमार सिंह एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र पुलिस बल तैनात थे।


