विष्णु गुप्ता

बड़कागाँव (हजारीबाग): प्रखंड के वन क्षेत्र अंतर्गत रूदी में धड़ल्ले से चल रहे अवैध कोयला डंप यार्ड के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने बिगुल फूंक दिया है। गोंदलपुरा और बादम पंचायत के सैकड़ों महिला एवं पुरुष ग्रामीणों ने रविवार को डंपिंग स्थल पर पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया और इसे तत्काल हटाने की मांग की।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल:
ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार की सूचना बड़कागाँव थाना प्रभारी, वन विभाग के पदाधिकारियों और हजारीबाग पश्चिमी डीएफओ को लिखित और मौखिक रूप से दी गई है। इसके बावजूद, अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
खबर लिखे जाने तक डंप यार्ड से कोयला नहीं हटाया गया था।
राजनीतिक संरक्षण का आरोप:
मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीण विकास कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रूदी में संचालित इस अवैध खेल के पीछे सीकरी निवासी सत्येंद्र कुमार गुप्ता और कई रसूखदार लोगों का हाथ है। उन्होंने यह भी बताया कि केवल रूदी ही नहीं, बल्कि जोराकाठ और सेहदा में भी बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खपाया जा रहा है।
“प्रशासन को सूचित करने के बाद भी कार्रवाई न होना मिलीभगत की ओर इशारा करता है। वन क्षेत्र में इस तरह का अवैध डंपिंग पर्यावरण और कानून दोनों का उल्लंघन है।”
वहीं, दूसरी ओर मुख्य आरोपी बताए जा रहे सीकरी निवासी सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि:
उक्त कोयला डंप यार्ड से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित हैं।



