कांडी: थाना परिसर में शनिवार को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठ व्रतियों के बीच फलाहार का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह एवं जनप्रतिनिधि, कांडी थाना के समस्त पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
इस दौरान थाना परिसर में सुबह से ही छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब हजारों की संख्या में पहुंचे व्रतियों ने फलाहार ग्रहण किया। फलाहार वितरण के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने छठ व्रतियों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान भास्कर से सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
गौरतलब है कि शनिवार को छठ महापर्व के अवसर पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया। इसको लेकर पूरे कांडी प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। व्रती महिलाएं एवं पुरुष पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारी में जुटे रहे।
वहीं कांडी थाना परिसर में पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फलाहार वितरण किए जाने की लोगों ने सराहना की। इस आयोजन से पुलिस और आम जनता के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग एवं सामाजिक एकता का संदेश भी देखने को मिला।
कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरे छठ महापर्व के दौरान थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ थाना परिसर में फलाहार वितरण की व्यवस्था भी उन्हीं के मार्गदर्शन में की गई। लोगों ने कहा कि थाना प्रभारी का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और मानवीय रहता है। वे कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत हुआ है।
मौके पर जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार,बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार, एसआई अरविंद सिंह, रौशन राम, एएसआई मनोज कुमार, अरुण पासवान, आशीर्वाद महतो, संदीप कुमार, अखिलेश रजक, छोटू पासवान सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।