बरडीहा अस्पताल में डॉक्टरों की गैरहाजिरी से स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी, बीडीओ के औचक निरीक्षण में खुली पोल

दो दिनों के रोस्टर पर उठे सवाल, डॉक्टर को नियमित ड्यूटी का निर्देश, जल्द शुरू होगी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा

अनूप सिंह 

  सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और अनियमित ड्यूटी का खामियाजा आखिरकार ग्रामीण मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। बरडीहा उप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी स्वास्थ्य व्यवस्था की ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। शनिवार को बीडीओ सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के औचक निरीक्षण में डॉक्टरों की ड्यूटी व्यवस्था और अस्पताल के सीमित संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। बीडीओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार का निर्देश दिया।

    निरीक्षण के दौरान पता चला कि अस्पताल में फिलहाल ओपीडी सेवा ही संचालित हो रही है। अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सक डॉ. जेबा नसीम का रोस्टर सप्ताह में महज दो दिनों का निर्धारित था। ग्रामीणों की शिकायत थी कि डॉक्टर नियमित रूप से अस्पताल नहीं पहुंचतीं, जिससे मरीजों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर मझिआंव स्थित अपने निजी क्लिनिक में व्यस्त रहती हैं।

  मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद प्रसाद सेठ से दूरभाष पर बात कर दो दिवसीय रोस्टर तत्काल रद्द करने और चिकित्सक को बरडीहा अस्पताल में नियमित ड्यूटी देने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने डॉ. जेबा नसीम से भी सीधे बात कर पूछा कि बरडीहा में पदस्थापन के बावजूद सप्ताह में केवल दो दिन का रोस्टर किस आधार पर बनाया गया है।

   इस दौरान मौजूद करीब 50 ग्रामीणों ने अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा शुरू कराने की मांग रखी। बीडीओ ने मौके पर ही सिविल सर्जन, गढ़वा से बात कर अस्पताल को 24×7 संचालित करने का अनुरोध किया। सिविल सर्जन ने शीघ्र आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

 बीडीओ की इस पहल से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि अब उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

ग्रामीणों का पहले से लगता रहा है आरोप 

 वहीं बरडीहा के ग्रामीणों ने बराबर आरोप लगाते रहे हैं कि और डॉक्टरों के अपेक्षा डॉक्टर जेबा नसीम अस्पताल में बहुत कम आते हैं। वहीं डॉक्टर बरडीहा में पहुंचते नहीं हैं, और हाजरी निरंतर बनाया जाता है। एक एक सोचनीय विषय है। वहीं ग्रामीणों ने निरंतर डॉक्टर को बैठने का मांग भी कर रहे हैं।

Leave a Comment