
अनूप सिंह
पलामू– मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड स्थित राजा साहेब के ऑफिस के पास देर रात एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात अपराधी ऑफिस की छत के रास्ते अंदर घुसे और वहां मौजूद एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस घटना में गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा, निवासी कुंड मोहल्ला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने घटना के दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल, हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई है।



