छठ महापर्व पर सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था रही सराहनीय

अनूप सिंह 

गढ़वा: जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रसिद्ध मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद पूरे क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था देखने को मिली।

इस बार सबसे खास बात यह रही कि कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह एवं छठ पूजा समिति की सूझबूझ और बेहतर रणनीति के कारण हर वर्ष चुनौती बनने वाली जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण रखा गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सराहनीय कार्य किया। पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और यातायात प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

वहीं, विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह भी पूरी रात विधि-व्यवस्था की निगरानी में लगे रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा का जायजा लिया, ताकि किसी भी छठ व्रती या श्रद्धालु को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विधायक की पूरी रात सक्रियता और पुलिस प्रशासन की तत्परता की लोगों ने सराहना की।

इसके अलावा कांडी छठ पोखरा, सोन नदी के सुंडीपुर घाट तथा कोयल नदी के किनारे भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। सभी प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

महापर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन की सक्रियता साफ तौर पर दिखाई दी। कुल मिलाकर कांडी प्रखंड क्षेत्र में छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस सफल आयोजन में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, पुलिस प्रशासन, छठ पूजा समितियों एवं जनप्रतिनिधियों की भूमिका काफी सराहनीय रही।

Leave a Comment