अनूप सिंह
मझिआंव :- लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर छठ पूजा सेवा समिति, बोदरा की ओर से छठ घाट पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा के लिए भव्य एवं सराहनीय व्यवस्था की गई। समिति के सदस्यों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ घाट की साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समिति की ओर से वर्षों से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध चाय एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई।
इस वर्ष समिति के गठन के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छठ घाट पर विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम के सम्मानित अभिभावकों एवं युवा साथियों को अंगवस्त्र (गमछा) भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति की इस पहल का उद्देश्य ग्राम के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बोदरा के मुखिया प्रतिनिधि श्री इंदल सिंह, पंचायत समिति सदस्य श्री अनिल राम तथा पूर्व मुखिया श्री चंद्रशेखर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में ग्राम के सैकड़ों अभिभावक एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
छठ घाट के विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों को सौंपा मांग पत्र, सूर्य मंदिर के लिए एक कट्ठा जमीन दान की घोषणा
इस वर्ष कार्यक्रम के दौरान छठ पूजा सेवा समिति के सदस्यों की ओर से छठ घाट के समुचित विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों को एक मांग पत्र भी सौंपा गया। समिति ने घाट पर आवश्यक निर्माण कार्य एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को विकसित करने की मांग रखी।
इस पर मुखिया प्रतिनिधि श्री इंदल सिंह ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि यदि सब कुछ अनुकूल रहा तो छठ घाट के निर्माण एवं विकास के लिए वे हरसंभव सहयोग करेंगे।
वहीं, ग्राम के युवा साथी ओम प्रकाश सिंह ने एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल करते हुए छठ घाट पर भगवान सूर्य का मंदिर निर्माण कराने के उद्देश्य से अपने हिस्से की एक कट्ठा जमीन दान देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित ग्रामीणों एवं समिति के सदस्यों ने स्वागत किया।
इसी क्रम में पंचायत समिति सदस्य श्री अनिल राम ने आश्वासन दिया कि उन्हें पंचायत समिति के माध्यम से मिलने वाले फंड से छठ घाट पर चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा, जिससे छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
जनप्रतिनिधियों के सकारात्मक आश्वासन एवं ग्रामीणों के सहयोग की भावना से बोदरा छठ घाट के विकास की उम्मीदें मजबूत हुई हैं। समिति ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का रहा सराहनीय योगदान






