सात-आठ महीने से वृद्धा पेंशन बंद, बेसहारा बुजुर्गों के सामने भुखमरी की स्थिति : रामलाल दुबे ने सरकार से की बकाया पेंशन भुगतान की मांग

अनूप सिंह 

गढ़वा :- जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र के भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाल दुबे ने झारखंड सरकार और केंद्र सरकार से वृद्धा, विधवा एवं बेसहारा लोगों की लंबित पेंशन का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पिछले सात-आठ महीनों से वृद्धा पेंशन बंद रहने के कारण पूरे गढ़वा जिले के हजारों लाभुकों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पेंशन ही ऐसे असहाय बुजुर्गों के जीवनयापन का एकमात्र सहारा है।

रामलाल दुबे ने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली एक हजार रुपये की मासिक पेंशन से वृद्ध, विधवा और बेसहारा लोग किसी तरह अपने भोजन, दवा और कपड़ों का इंतजाम कर जीवन गुजारते थे। लेकिन पिछले कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने के कारण उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई बुजुर्ग दवा और भोजन के अभाव में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। कुछ लोग पेंशन मिलने की आस लगाए ही दुनिया से विदा हो गए।

उन्होंने विशेष रूप से कांडी प्रखंड के सिवरी गांव के वृद्ध केशवर कुंवर का मामला उठाते हुए कहा कि पेंशन की आस में जीवन गुजार रहे केशवर कुंवर की मौत हो गई है, जबकि उनकी पत्नी कमोड़ा कुंवर की हालत भी नाजुक बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि जिले के विभिन्न गांवों में पेंशन के अभाव में कई बुजुर्ग लाभुकों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई वृद्ध और असहाय लोग गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

Leave a Comment