अनूप सिंह
कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरकोनी पंचायत के सेमौरा गांव में बुधवार की रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। सेमौरा गांव निवासी 30 वर्षीय ज्योति देवी, पति दीपक कुमार गुप्ता की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ज्योति देवी बुधवार की शाम करीब छह बजे अपनी किराना दुकान बंद कर घर पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक चापाकल के पास गिरकर बेहोश हो गईं। कुछ देर बाद उन्हें होश आया, लेकिन फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह दोबारा बेहोश हो गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें गढ़वा स्थित गायत्री अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मेदिनीनगर में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी वाहन से रांची लेकर जा रहे थे, लेकिन लातेहार के आसपास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। गुरुवार की सुबह जब उनका पार्थिव शरीर सेमौरा गांव स्थित घर पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
ज्योति देवी अपने सरल स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के लिए गांव में काफी लोकप्रिय थीं। वह किराना दुकान चलाकर परिवार का सहयोग करती थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही आमडीहा, सेमौरा, सरकोनी, कर्मा, अमस्था टोला, भीलमा सहित आसपास के कई गांवों से हजारों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे। हर कोई उनके व्यवहार और परिवार के साथ बिताए पलों को याद कर भावुक नजर आया।


