ओबरा पंचायत में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह का 10 किमी पैदल भ्रमण: बीडीओ ने कि चार नई सड़कों की स्वीकृति, केसीसी लोन में बिचौलियों पर नकेल कसने के निर्देश

 केसीसी लोन में बिचौलियों पर नकेल कसने के निर्देश

अनूप सिंह 

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार सिंह अपने आवास से निकलकर ओबरा पंचायत के विभिन्न टोलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 10 किलोमीटर की पदयात्रा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना।

भ्रमण के दौरान ग्रामीण बीडीओ को उन सबसे खराब और दुर्गम रास्तों पर ले गए, जहाँ आज तक सड़क नहीं बन सकी थी।

 * चार नए रास्तों को स्वीकृति: चार टोलों के रास्तों का निरीक्षण करने के बाद बीडीओ ने मौके पर ही मुखिया से वार्ता कर चारों सड़कों को स्वीकृत किया तथा इनकी तुरंत कोडिंग कर अनुमोदन (अप्रूवल) के लिए भेजने का निर्देश दिया।

 * पूर्व स्वीकृत सड़कों पर कार्य: पूर्व में स्वीकृत हो चुकी चार सड़कों पर एक-दो दिनों के भीतर कार्य शुरू कराने का निर्देश मुखिया को दिया गया।

 * जल निकासी और ढलान पर विशेष ध्यान: जिन तीन-चार सड़कों पर कार्य शुरू होना है, वहाँ अधिक ढलान (स्लोप) को देखते हुए बीडीओ ने स्पष्ट किया कि बरसात का पानी सड़क से होकर बहने पर मिट्टी, मोरम या जीएसबी को बहा ले जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कें थोड़ी ऊंचाई पर बनाई जाएँ और किनारों पर पानी निकलने की समुचित व्यवस्था हो ताकि सड़क पर पानी न बहे। आवश्यकतानुसार कच्ची नाली भी स्वीकृत कराने को कहा गया।

माइक्रो फाइनेंस व केसीसी (KCC) लोन को लेकर सख्त कदम

पदयात्रा के दौरान कई ग्रामीणों ने जमीन से जुड़े दस्तावेज दिखाए और अपनी समस्याएँ रखीं। कई लोगों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के कर्ज तथा वसूली के दबाव की शिकायत की।

 * केसीसी का विकल्प: इस पर श्री प्रवीण कुमार सिंह ने किसानों को केसीसी (KCC) लोन के लिए आवेदन करने को कहा, ताकि पात्र कृषकों को लाभ मिल सके।

 * बिचौलियों पर सख्ती: ग्रामीणों ने शिकायत की कि केसीसी लोन में बिचौलिए ₹50,000 के लोन पर ₹10,000 से ₹20,000 तक की राशि ले लेते हैं। इस पर बीडीओ ने कहा कि अब केसीसी लोन का वितरण संस्थागत रूप से किया जाएगा।

 * ब्लॉक/बीडीओ के माध्यम से प्रक्रिया: बैंकों को निर्देश दिया जा रहा है कि वे सीधे केसीसी फॉर्म न लें; आवेदन प्रखंड (ब्लॉक) एवं बीडीओ के माध्यम से ही बैंकों को भेजे जाएँगे, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि यह एक अभियान के रूप में चलाया जाएगा और अब तक 50 केसीसी लोन की अनुशंसा कर बैंकों को भेजा जा चुका है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएँ।

“पदयात्रा से स्पष्ट होती हैं जमीनी हकीकत”

भ्रमण के दौरान बीडीओ ने एक-दो स्थानों पर ग्रामीणों के साथ बैठकें भी कीं और कागजातों की जाँच कर आवश्यक सलाह दी। ग्रामीणों ने उनके इस कार्य की सराहना की।

श्री प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि पैदल चलने से एक-एक बात स्पष्ट रूप से सामने आती है, लोग खुलकर मिलते हैं और परिवार के सभी सदस्य—बुजुर्ग, बच्चे, माताएँ, बहनें, असहाय व दिव्यांगजन—अपनी बात बिना किसी झिझक के रख पाते हैं।

इस मौके पर ओबरा पंचायत के मुखिया पति संतोष उरांव, विधायक प्रतिनिधि विनोद रजवार, समाजसेवी पुष्प रंजन, प्रखंड के इंजीनियर अनिल कुमार चौधरी, बड़ा बाबू अमरेंद्र तिवारी, सहायक आनंद पांडे, नन्हुक राम, रजनीकांत सिंह, आवास के ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों रवि रंजन, पंचायत सहायक एवं अन्य कर्मी के साथ-साथ सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment