अंबेडकर टोला समेत कुल 8 सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त 5 नई ऑन द स्पॉट स्वीकृत, 3 पूर्व स्वीकृत सड़कों पर तुरंत काम शुरू करने का निर्देश

  सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में वर्षों पुराने दो जटिल जमीनी विवादों का मौके पर ही सर्वसम्मति से हुआ निपटारा

अनूप सिंह 

गढ़वा: बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह का शुक्रवार की सुबह का पैदल भ्रमण क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन की दृष्टि से बेहद ऐतिहासिक रहा। सुबह-सवेरे ही बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह सबसे पहले बरडीहा के अंबेडकर टोला पहुंचे, जहां आजादी के दशकों बाद भी सड़क न होने से ग्रामीण खुद को उपेक्षित और बंधन में जकड़ा महसूस कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि बुनियादी सड़क के अभाव में वे आज भी खुद को आजाद नहीं मान पा रहे हैं।

    ग्रामीणों की इस गंभीर पीड़ा और भावना को प्राथमिकता देते हुए श्री सिंह ने त्वरित कार्रवाई की। पूर्व में दिए गए उनके निर्देश के आलोक में अमीन द्वारा मापी का कार्य पूरा कर लिया गया था। मार्ग निर्माण में आ रही अतिक्रमण की बाधाओं को हटाने के लिए उन्होंने 5 दिनों का समय दिया है, जिसके बाद काम शुरू किया जाएगा। वहीं शेष सड़कों को स्वीकृति हेतु अग्रसारित किया गया है, और 5 दिनों के भीतर कार्य प्रारंभ करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। भ्रमण के दौरान बीडीओ ने अपनी संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली का परिचय देते हुए ऑन द स्पॉट 5 नई सड़कों की स्वीकृति प्रदान की, वहीं पूर्व से स्वीकृत 3 सड़कों पर अविलंब कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया। एक ही दिन में कुल 8 सड़कों के निर्माण की पहल से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

वहीं छठ घाट का जीर्णोद्धार और बिजली के पोल पर त्वरित एक्शन भी लिया:

पैदल भ्रमण के दौरान बीडीओ की नजर बेतरतीब और गंदे पड़े छठ घाट पर पड़ी, जिसके जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण की योजना लेने का उन्होंने तुरंत निर्देश दिया। थोड़ा और आगे बढ़ने पर एक ऐसा बिजली का पोल दिखा, जो पिछले दो वर्षों से जमीन पर गिरा पड़ा था और उसमें करंट भी प्रवाहित हो रहा था। यह महज एक संयोग ही था कि इससे अब तक कोई बड़ा हादसा या दुर्घटना नहीं हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री सिंह ने तत्काल बिजली विभाग के अभियंता को फोन कर आज ही नया पोल लगाने का निर्देश दिया। उनके इस त्वरित हस्तक्षेप का असर यह हुआ कि महज एक घंटे के भीतर वहां नया पोल लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई।

 

 सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में सुलझे पुराने भूमि विवाद:

बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह की सक्रियता से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला, जिससे वर्षों से उलझे पारिवारिक और जमीनी विवाद मौके पर ही सुलझ गए। पहला मामला कईल प्रजापति और शंकर प्रजापति के बीच वर्षों से चले आ रहे दखल-कब्जे के विवाद को बीडीओ ने करीब 200 ग्रामीणों की उपस्थिति में सुलझाया, जहां एक पक्ष दूसरे पक्ष के दखल वाले क्षेत्र में हस्तक्षेप कर रहा था। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दोनों पक्ष अपने-अपने दखल क्षेत्र में ही रहें और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न हो। इस निर्णय पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई और उपस्थित ग्रामीणों ने भी इसका समर्थन किया।

    दूसरा मामला: इसके बाद पैदल ही जीका गांव पहुंचे बीडीओ ने गोपाल सिंह और जोधा सिंह के पूरे परिवार के बीच चल रहे पुराने भूमि विवाद को लेकर लगभग 250 ग्रामीणों की उपस्थिति में एक घंटे तक बैठक की। यह विवाद पिछले दो वर्षों से एक गरीब परिवार के आवास निर्माण में भी बाधक बना हुआ था। बीडीओ की पहल पर मामले का समाधान निकाला गया और अमीन मापी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई, जिस पर मापी के साथ ही संबंधित पक्षों द्वारा हस्ताक्षर कर लिए जाएंगे।

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी के इस मैराथन पैदल भ्रमण, जनसंवाद और ऑन द स्पॉट फैसलों की पूरे प्रखंड में जमकर सराहना हो रही है।

इस भ्रमण और जनसुनवाई के दौरान बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह के साथ अंचल अमीन अमलेश यादव, प्रखंड इंजीनियर अनिल चौधरी, अमरेंद्र तिवारी, संतोष सिंह, लाल बहादुर सिंह, पुष्प रंजन, उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, बरडिया पंचायत की मुखिया एवं मुखिया पति वशिष्ठ पासवान, गोरख पासवान, सुमन दुसाद, विधायक प्रतिनिधि विनोद रजवार, अविनाश राम, अविनाश कुमार, रजनीकांत सिंह, आकाश यादव, अखिलेश चौधरी समेत सैकड़ों गणमान्य महिला-पुरुष उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें