पांच दिनों से एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल, मरीजों की बढ़ी मुश्किलें; समय पर इलाज पर संकट

कर्मचारियों ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी को हटाने और लंबित वेतन भुगतान समेत कई मांगों को लेकर खोला मोर्चा, ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों की दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है परेशानी

अनूप सिंह 

गढ़वा :- झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर पिछले पांच दिनों से मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के 12 एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल जारी है। जिसमें मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत 8 कर्मी प्रवीण कुमार, अमित कुमार,राजू कुमार,विनय राम, अरविन्द कुमार रवि,धीरज कुमार राम,मुनेश कुमार राम एवं अर्जुन रजक दो एम्बुलेंस में कार्यरत हैं। वहीं बरडीहा अंतर्गत 4 कर्मी नवीन कुमार यादव, मंदीप कुमार,निरज कुमार पासवान एवं राकेश कुमार रजक सभी एक एम्बुलेंस में कार्यरत

हैं।

संघ का कहना है कि चार माह बकाया राशि भुगतान हो

   हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं और सबसे अधिक परेशानी मरीजों एवं उनके परिजनों को उठानी पड़ रही है।

एंबुलेंस सेवा बाधित होने से गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले लोगों के सामने समय पर वाहन उपलब्ध कराने की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में एंबुलेंस को मरीजों के लिए जीवनरक्षक सेवा माना जाता है, लेकिन कर्मियों की हड़ताल के कारण जरूरतमंदों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन भुगतान में अनियमितता, वेतन कटौती और सेवा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के बावजूद कंपनी की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। कर्मचारियों ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी को तत्काल हटाकर ब्लैकलिस्ट करने तथा नई कंपनी का चयन करने की मांग की है।

संघ की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना, मनमाने तरीके से बर्खास्तगी पर रोक लगाना, वेतन भुगतान के लिए एस्क्रो अकाउंट की व्यवस्था करना, समय पर वेतन एवं श्रम संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति लागू करना शामिल है। इसके अलावा एंबुलेंस खराब रहने या उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में कर्मचारियों के वेतन में कटौती नहीं करने और नई नियुक्तियों पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि फरवरी 2026 से लगातार वेतन में की जा रही कटौती और अन्य अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कर बकाया राशि का भुगतान कराया जाए। साथ ही अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए।

संघ के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव के साथ हुई वार्ता में जिन बिंदुओं पर सहमति बनी थी, उन्हें नई कंपनी के चयन के साथ लागू किया जाना चाहिए।

इधर, कर्मचारियों और कंपनी के बीच मांगों को लेकर जारी गतिरोध का सीधा खामियाजा आम मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं, ताकि एंबुलेंस सेवा बहाल हो सके और मरीजों को राहत मिल सके।

Leave a Comment