अनुप सिंह
बरडीहा:- थाना क्षेत्र के कोल्हूआ गांव से पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरडीहा थाना क्षेत्र के कोल्हूआ गांव निवासी स्वर्गीय मणि यादव के 47 वर्षीय पुत्र जगन्नाथ यादव उर्फ उल्लू यादव के रूप में हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगन्नाथ उर्फ उल्लू यादव मेराल थाना एसटी नंबर 19(A)/2011 आर्म्स एक्ट मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव घर में ही मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इधर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय एडीजे-3 के न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि जिले में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून से बचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।



