अनुप सिंह
बरडीहा: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर प्रखंड सह अंचल कार्यालय से बीपीआरओ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं सर्व प्रथम ग्रामीणों से बकरीद नमाज अदा करने वाले स्थानों की जानकारी ली गई।

वहीं थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बकरीद पर्व को लेकर सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल लगातार गश्त करती रहेगी। जो भी व्यक्ति त्योहार में खलल डालने का प्रयास करेगा, उसे तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी अप्रिय घटना होने से पहले ही उसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि बकरीद के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रमुख चौक-चौराहों एवं मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी। क्यूआरटी टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगी।

प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बकरीद का त्योहार शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभिन्न समुदायों के गणमान्य व्यक्ति एवं पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

