अनुप सिंह
मझिआंव/बरडीहा: दोनों प्रखंड क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने शनिवार को मझिआंव प्रखंड के खरसोता डैम एवं बरडीहा प्रखंड स्थित हरदियारी डैम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों स्थलों पर सिंचाई व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान खरसोता डैम के क्षतिग्रस्त चैनल गेट की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि चैनल गेट के जीर्णोद्धार एवं साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाएगा। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा और कृषि कार्यों को गति मिलेगी।

वहीं बरडीहा स्थित हरदियारी डैम के वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़े बांध का निरीक्षण कर विधायक ने कहा कि बांध के टूटे रहने से क्षेत्र के किसानों को लंबे समय से सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि डैम के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की प्रक्रिया अविलंब प्रारंभ कराई जाएगी, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों की खुशहाली, कृषि विकास एवं क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई संसाधनों को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि हरदियारी डैम एवं खरसोता चैनल गेट के जीर्णोद्धार के बाद क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा किसानों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। विधायक ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।



