सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, लगन और अनुशासन से हासिल की बड़ी उपलब्धि, 52वीं जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व
अनूप सिंह
गढ़वा: खेल प्रतिभाओं के दम पर मझिआंव प्रखंड के मोरबे पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे की तीन बेटियों ने पूरे गढ़वा जिले का मान बढ़ाया है। मोरबे गांव की खुशी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी और चिरकुटही गांव की चांदनी कुमारी का चयन झारखंड जूनियर बालिका कबड्डी टीम में हुआ है। तीनों खिलाड़ी पंजाब में आयोजित होने वाली 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हुई हैं। प्रतियोगिता 26 से 29 नवंबर तक आयोजित होगी।
चयनित खिलाड़ियों में खुशी कुमारी, पिता प्रदीप पासवान, लक्ष्मी कुमारी, पिता अरुण साव तथा चांदनी कुमारी, पिता बसंत उरांव शामिल हैं। तीनों उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे की छात्राएं हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, गांव और पंचायत में खुशी एवं गर्व का माहौल है।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार मौर्य ने बताया कि तीनों बालिकाओं ने नियमित अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। वे पिछले कई महीनों से विद्यालय में सुबह-शाम कबड्डी का अभ्यास कर रही थीं। जिला और राज्य स्तरीय ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में जगह मिली।
तीनों खिलाड़ियों के चयन की खबर मिलते ही मोरबे और चिरकुटही समेत आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने बेटियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।


