प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई एवं सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम आयोजित

अनुप सिंह

मझिआंव:- प्रखंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई एवं सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख आरती दुबे तथा जिला परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान डीआरपी सुनील तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की पारदर्शिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पहले पंचायत स्तर पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पंचायत स्तर पर प्राप्त रिपोर्टों एवं शिकायतों के आधार पर बुधवार को प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम संपन्न कराया गया।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों के पंचायत सचिव एवं स्वयंसेवकों को उपस्थित किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा लाभुकों के आवास से जुड़े अभिलेखों, स्वीकृति पत्रों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं, शिकायतों एवं अनियमितताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ समय पर मिले तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी। कार्यक्रम में पंचायत सचिव महावीर प्रसाद, जयप्रकाश जयसवाल, प्रशांत कुमार मिश्रा, प्रमानंद प्रसाद, अविनाश कुमार, विनोद सिंह, उत्पल कुमार टोप्पो, कोऑर्डिनेटर राहुल कुमार, एकाउंटेंट चंदा कुमारी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि,कर्मी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment