अनुप सिंह
मझिआंव:- थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदरा पंचायत क्षेत्र की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के घर से कहीं चले जाने के मामले में उसके पिता ने थाना में लिखित आवेदन देकर पुत्री की खोजबीन कराने की मांग की है। दिए गए आवेदन में पिता ने बताया है कि एक जून से उनकी पुत्री अचानक घर से लापता हो गई है, जिसके बाद परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

आवेदन में पिता ने गोपालपुर गांव निवासी गोलू दुबे पर संदेह जताते हुए कहा है कि वह उनकी बेटी से लगातार बातचीत करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ दिन पूर्व गोलू दुबे उनकी पुत्री को अपने साथ ले जाकर रात भर अपने घर में रखा था। इसी आधार पर उन्हें आशंका है कि बेटी के गायब होने में गोलू दुबे की भूमिका हो सकती है। पिता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि इस मामले में गांव के ही सोनू रजवार एवं पंकज रजवार की संलिप्तता होने की संभावना है। उन्होंने पुलिस से उनकी पुत्री का जल्द पता लगाने, मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि लड़की के परिजनों के द्वारा आवेदन दिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।



