अनुप सिंह
बरडीहा: थाना परिसर में पूर्व से निर्मित शिवालय में सोमवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिवलिंग एवं नंदी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विदित हो कि लगभग तीन वर्ष पूर्व बरडीहा थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी सुमंत कुमार राय, पुलिस अवर निरीक्षक पंकज सिंदुरिया एवं चालक आरक्षी मिथिलेश तिवारी के प्रयास से थाना परिसर में शिवालय का निर्माण कराया गया था। शिवालय निर्माण के बाद से ही श्रद्धालुओं द्वारा नियमित रूप से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाती रही थी। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के द्वारा वाराणसी से शिवलिंग एवं नंदी की प्रतिमा मंगवाकर विधिवत अधिष्ठापित कराया गया।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में विद्वान पंडित आचार्य शंभू नाथ चौबे एवं उनके सहयोगी योगेश नाथ चौबे के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। मुख्य यजमान के रूप में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए और पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
पूजा के दौरान भगवान भोलेनाथ के जयकारों से थाना परिसर भक्तिमय वातावरण में बदल गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर थाना परिसर में महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया,जिसमें पुलिस कर्मियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिवालय के निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा का उद्देश्य थाना परिसर में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन लोगों में आपसी प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। वहीं पुजन कार्यक्रम एवं भंडारा में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित हुए।

