बीडीओ सह सीओ के कड़े रुख का दिखा बड़ा असर: वेंडर ने डिपुट किए मिस्त्री, साइकिलों की दोबारा कसाई और फिटिंग का काम युद्ध स्तर पर शुरू

वेंडर को दी गई दो दिनों की सख्त चेतावनी लाई रंग, प्रशासन की मुस्तैदी से अब स्कूली बच्चों को सही मायने में मिलेगी मजबूत और सुरक्षित साइकिल

अनुप सिंह

बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (बीडीओ सह सीओ) प्रवीण कुमार सिंह के कड़े प्रशासनिक रुख और लगातार की जा रही औचक जांच का एक और बड़ा असर देखने को मिला है। दो दिन पूर्व प्रखंड मुख्यालय में स्कूली बच्चों के बीच वितरित की जाने वाली साइकिलों के निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने बड़े पैमाने पर अनियमितता और लापरवाही पकड़ी थी। कई साइकिलें पूरी तरह अनफिट, ढीली और बिना सही कसाई के पाई गई थीं, जो बच्चों के चलाने लायक बिल्कुल नहीं थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया था और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ न होने देने की प्रतिबद्धता जताते हुए साइकिल वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी। इसके साथ ही संबंधित वेंडर को कड़े लफ़्ज़ों में अल्टीमेटम दिया गया था कि यदि दो दिनों के भीतर सभी साइकिलों को अच्छे से कसकर, पूरी तरह फिटिंग कर और चलने लायक बनाकर नहीं सौंपा गया, तो वेंडर के विरुद्ध सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदित किया जाएगा।

चेतावनी के बाद बैकफुट पर आया वेंडर, शुरू हुआ सुधार कार्य

 

बीडीओ की इस सख्त कार्रवाई और अल्टीमेटम का असर यह हुआ कि वेंडर ने तुरंत अपनी गलती सुधारते हुए ब्लॉक परिसर में विशेष मिस्त्रियों की टीम को तैनात कर दिया है। वर्तमान में सभी अनफिट साइकिलों को दोबारा से कसने, उनके पार्ट्स को दुरुस्त करने और उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बनाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

 

बच्चों को मिलेगी सुरक्षित और सही मायने में ‘फिट’ साइकिल

प्रशासन की इस मुस्तैदी के बाद अब क्षेत्र के स्कूली बच्चों को सही मायने में मजबूत, सुरक्षित और शत-प्रतिशत फिट निःशुल्क साइकिल मिल सकेगी। ग्रामीणों और अभिभावकों ने बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अक्सर सरकारी योजनाओं में वेंडर ऐसी लापरवाही कर निकल जाते हैं, लेकिन प्रखंड विकास पदाधिकारी की पैनी नज़र और कड़ाई के कारण बच्चों को अब घटिया या ढीली साइकिलों के जोखिम से मुक्ति मिल गई है।

 

बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह का कड़ा संदेश: “सरकारी योजनाओं का लाभ जनता और बच्चों तक पूरी गुणवत्ता के साथ पहुँचना चाहिए। साइकिलों की फिटिंग में लापरवाही सीधे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा मामला था, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता था। वेंडर ने मिस्त्री लगाकर काम शुरू कर दिया है। प्रशासन पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही अब इन साइकिलों के वितरण की अनुमति देगा। गुणवत्ता से समझौता करने वाले किसी भी वेंडर या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Comment