रोज सुबह पैदल गांव के भ्रमण पर निकलते हैं अधिकारी, बिचौलियों के बिना सीधे ग्रामीणों से कर रहे हैं संवाद
बरडीहा की मुसहर बस्ती के चार परिवारों को मिला था पर्चा, पर जमीन पर था दूसरों का कब्जा; त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अनुप सिंह
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और धरातल पर उतारने के उद्देश्य से बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह लगातार प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में अपने प्रतिदिन के सुबह के पैदल भ्रमण के दौरान वे बरडीहा स्थित मुसहर बस्ती पहुंचे। इस बस्ती में चार मुसहर परिवार झोपड़ी बनाकर अत्यंत दयनीय स्थिति में रह रहे हैं। भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे—राशन कार्ड, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना, वृद्धा/विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने की भी जानकारी दी। मौके पर उपस्थित बीएलओ को निर्देश दिया कि वे इन परिवारों का फॉर्म तुरंत भरना सुनिश्चित करें।

बातचीत के क्रम में पीड़ित परिवारों ने अधिकारी को बताया कि उन्हें सरकार की ओर से चार-चार डिसमिल जमीन का पर्चा तो मिला हुआ है, लेकिन आज तक वे उस जमीन पर कदम नहीं रख सके हैं। कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उनकी उस जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रवीण कुमार सिंह ने संवेदनशीलता दिखाई और पीड़ित परिवारों को तुरंत अंचल कार्यालय बुलाया। उन्होंने मौके से ही अमीन से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और मुसहर परिवारों को भरोसा दिलाया कि वे स्वयं उस स्थल पर उपस्थित रहेंगे और अमीन के माध्यम से जमीन का सीमांकन करवाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे शनिवार को अपने पारंपरिक औजार जैसे कुदाल, फावड़ा आदि लेकर मौके पर उपस्थित रहें, ताकि सीमांकन के तुरंत बाद वे अपनी जमीन पर काबिज हो सकें।
अधिकारी के इस त्वरित और सहयोगात्मक रुख को देखकर मुसहर परिवार के बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिल रही थी। उनमें उम्मीद की एक नई किरण जग रही थी और ऐसा लग रहा था कि कोई पदाधिकारी उनके घर में पहली बार आया है।

पूछे जाने पर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इसी सप्ताह शनिवार को उनकी जमीन की मापी कर सीमांकन कर दिया जाएगा।
ज्ञात हो कि प्रवीण कुमार सिंह अपने प्रतिदिन के सुबह पैदल भ्रमण कर विभिन्न गांवों का दौरा कर रहे हैं और बिना बिचौलियों के सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहे हैं। वे ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं और यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि सरकार की योजनाएं सही व्यक्तियों और एकदम जमीन से जुड़े लोगों तक पहुंच सके, जो कभी ब्लॉक नहीं जा पाते। उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य शेष बचे सभी गांवों का भ्रमण किया जाएगा।

