घरेलू हिंसा एवं महिला अधिकारों पर जागरूकता अभियान आयोजित

अनुप सिंह

मोहम्मदगंज (पलामू):झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (JHALSA) के निर्देश एवं पलामू जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के सचिव राकेश रंजन के मार्गदर्शन में शुक्रवार को लटपउरी पंचायत भवन परिसर में महिला घरेलू हिंसा एवं महिला अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया उमेश राम ने की।

कार्यक्रम में पीएलवी रविंद्र कुमार ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पीड़ित महिलाओं से आत्महत्या जैसे गैरकानूनी कदम न उठाने तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की अपील की। साथ ही डीएलएसए के माध्यम से उपलब्ध विक्टिम सहायता योजनाओं की भी जानकारी दी।

पीएलवी शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा ने महिलाओं को अंधविश्वास, डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं पीएलवी पवन कुमार ने बाल कल्याण समिति (CWC) से मिलने वाले लाभ एवं कोल इंडिया की छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी।

जीसीआरपी बेबी देवी ने महिलाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, दहेज प्रथा एवं बाल विवाह जैसी कुरीतियों से बचने तथा समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुखिया उमेश राम ने प्रखंड स्तर पर संचालित महिला प्रशिक्षण एवं विकास कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षित महिलाएं ही सशक्त परिवार और बेहतर समाज का निर्माण कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को किसी भी समस्या की स्थिति में बेझिझक उनसे संपर्क करने का आग्रह करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में जेएसएलपीएस के अनिल कुमार ठाकुर, एफएलसीआरपी पूनम कुमार, सीआरपी-ईपी श्रीदुला देवी, जीसीआरपी संगीता देवी, आंगनबाड़ी सेविका सुमन देवी सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।

Leave a Comment