अनुप सिंह
बरडीहा: प्रखंड के सिंगारी टोला में दबंगों द्वारा ग्रामीणों का आम रास्ता बंद किए जाने की सूचना पर आज सुबह प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क किनारे स्वच्छता अभियान सह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

स्वच्छता अभियान के बाद प्रशासनिक टीम सबसे पहले सिंगारी टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची। केंद्र बंद पाए जाने पर स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, जिसमें ग्रामीणों ने बताया कि सेविका लंबे समय से केंद्र बंद रखती हैं और सहायिका भी अक्सर अनुपस्थित रहती हैं।
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने दूरभाष पर ही सेविका को कड़ी चेतावनी दी तथा कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में उनके विरुद्ध वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात बीडीओ अपनी टीम और अंचल अमीन के साथ विवादित स्थल (आम रास्ते) पर पहुंचे। उन्होंने अमीन को अविलंब भूमि की पैमाइश (मापी) करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के साथ वार्ता की गई, जिसमें सभी पक्ष अमीन द्वारा चिन्हित मापी सीमा को मानने और रास्ता खोलने पर पूर्णतः सहमत हुए।
गौरतलब है कि बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह प्रतिदिन तड़के क्षेत्र भ्रमण पर निकलते हैं और ग्रामीणों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाने के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने का कार्य प्राथमिकता से कर रहे हैं।

शुक्रवार को इस अभियान के दौरान उप-प्रमुख सत्येंद्र पासवान, विनोद रजवार, संतोष राम,गोरख पासवान, ललेश्वर राम, वशिष्ठ पासवान, अविनाश कुमार, विकास कुमार,छोटू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और अंचल कर्मी उपस्थित थे।ज

