उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार और शुक्रवार को आयोजित होता है जनता दरबार
पुराने व जटिल विवादों को लेकर भी उम्मीद के साथ पहुंच रहे ग्रामीण
अनुप सिंह
बरडीहा : उपायुक्त के निर्देशानुसार बरडीहा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आयोजित होने वाले नियमित जनता दरबार में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की पारदर्शी कार्यशैली और त्वरित फैसलों से आम जनता में प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति नया भरोसा जागा है। यही वजह है कि वर्षों से लंबित और अनसुलझे मामलों को लेकर भी ग्रामीण न्याय की उम्मीद के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंच रहे हैं।
मंगलवार को जनता दरबार में फरियादियों की खासी भीड़ को देखते हुए बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने अपने चेंबर में बैठने के बजाय सीधे बाहर रिसेप्शन काउंटर पर खड़े होकर एक-एक व्यक्ति की समस्याएं सुनीं। उनके इस संवेदनशील रवैये की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की।

आज के जनता दरबार में कुल 12 मामले सामने आए। इनमें से कई विवादों का निपटारा दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सहमति से मौके पर ही करा दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित कर्मचारियों को तय समयसीमा के भीतर निष्पादन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि हर मंगलवार और शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार आयोजित होता है, जहां नागरिक अपनी किसी भी प्रकार की शिकायत लेकर बेझिझक आ सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 15 और 30 तारीख को ‘थाना दिवस’ व ‘अंचल दिवस’ का आयोजन होता है, जिसमें विशेष तौर पर जमीन विवाद और राजस्व से जुड़े जटिल मामलों की संयुक्त सुनवाई कर समाधान निकाला जाता है।



