ब्यूरो रिपोर्ट
राजधानी राँची में कोकर चौक के समीप भारत पेट्रोल पंप के पास अचानक हुए एक जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गयी। मंगलवार की रात हुई धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों और मकानों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। इसके प्रभाव से आसपास की कई इमारतों में कंपन महसूस किया गया और दुकानों के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के वक्त बाजार में लोगों की आवाजाही थी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया।
बताते चलें कि धमाका किस वजह से हुआ, इसकी सटीक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है। शुरुआती आशंकाओं के तहत इसे सिलिंडर ब्लास्ट, ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी या फिर किसी विस्फोटक सामग्री का नतीजा माना जा रहा है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। पुलिस आसपास लगी दुकानों और इमारतों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि धमाके से ठीक पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।



