बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने अहले सुबह सुखनदी पंचायत अंतर्गत कोलहुवा गांव का पैदल निरीक्षण किया। वे अपने आवास से लगभग 6 किलोमीटर की पैदल दूरी तय कर कोलहुवा गांव पहुंचे और जमीनी समस्याओं का जायजा लिया।

सड़क पर फैले कीचड़ व अतिक्रमण पर सख्त निर्देश
गांव भ्रमण के दौरान बीडीओ ने सबसे पहले विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले रास्ते का अवलोकन किया। रास्ते पर आधा पीसीसी निर्माण होने के बावजूद किनारे अनधिकृत रूप से मिट्टी भरने के कारण मार्ग पूरी तरह कीचड़मय हो गया था, जिससे बच्चों व ग्रामीणों का आवागमन बाधित था। उन्होंने संबंधित लोगों को तत्काल सड़क से मिट्टी हटाने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, सड़क पर गंदा पानी बहाने वालों को चेतावनी दी और मार्ग पर अवैध रूप से गड़े खूंटे व नाद को हटवाते हुए जर्जर गलियों में जल्द जीएसबी(GSB) सड़क निर्माण का निर्देश दिया।

पेयजल समस्या पर मुखिया को फटकार
विद्यालय परिसर में एक वर्ष से खराब पड़े जलमीनार पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्थानीय मुखिया को इसे अविलंब दुरुस्त कराने का आदेश दिया। वर्तमान में 350 स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी के बच्चों के लिए केवल एक चापाकल ही पेयजल का एकमात्र सहारा है l
निरीक्षण से वापसी के क्रम में बीडीओ ने स्थानीय खाद-बीज भंडार का जायजा लिया। दुकानदार द्वारा होलसेलर से अधिक मूल्य पर खाद-बीज मिलने की शिकायत पर उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी, गढ़वा से दूरभाष पर वार्ता कर समस्या के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।



