अनुप सिंह
मझिआंव : नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 स्थित मझिआंव खुर्द गांव में योगेंद्र चंद्रवंशी के आवास पर उनकी धर्मपत्नी रीना देवी के द्वारा शिव गुरु चर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं।
शिव गुरु चर्चा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया। भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन गायन में भाग लिया तथा भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिव को गुरु मानकर उनके बताए मार्ग पर चलने, आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

आयोजक रीना देवी ने कहा कि शिव गुरु चर्चा का उद्देश्य लोगों को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक विचार और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।



