अनूप सिंह
मोहम्मद गंज:- कोसियारा- पचपोखरी और बिहरा के बीच नहर निर्माण का कार्य एक कंपनी द्वारा किया जा रहा था। बरसात शुरू होने से पहले कंपनी द्वारा काम अधूरा छोड़कर चले जाने के कारण नहर से निकाली गई बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा सड़क पर ही पड़ा रह गया। इससे ग्रामीणों एवं राहगीरों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए “शैक्षिक कल्याण ट्रस्ट” कोसियारा की ओर से संबंधित कंपनी से संपर्क कर सड़क की स्थिति सुधारने का प्रयास किया गया। कंपनी की ओर से तत्काल समाधान नहीं होने पर ट्रस्ट ने अपने निजी खर्च से सड़क पर पड़े मिट्टी के मलबे को हटवाकर रास्ते को आवागमन योग्य कराया।

ट्रस्ट के कामख्या नारायण सिंह एवं शुभम सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संस्था सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आगे भी जरूरत के अनुसार सहयोग करती रहेगी।

“शैक्षिक कल्याण ट्रस्ट” ने संबंधित कंपनी एवं विभाग से मांग की है कि नहर निर्माण का अधूरा कार्य जल्द पूरा कराया जाए और निर्माण के दौरान सड़क पर मिट्टी अथवा मलबा न छोड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।

