अंडर-17 में तीन और अंडर-14 में एक खिलाड़ी ने पहले दौर में किया क्वालीफाई
अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत उचरी स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल के क्रिकेट खिलाड़ियों ने सीबीएसई ईस्ट जोन खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल झालवा प्रयागराज में किया गया। जिसमें बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से 3000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में आर.के. पब्लिक स्कूल की क्रिकेट टीम के 10 खिलाड़ियों ने कोच रुपेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया। टीम में आदर्श सिंह, श्रेयांश पाठक, पवन कुमार कुशवाहा, सत्यम कुमार रजवार, अर्पित कुमार सिंह, अमन पाठक, अभिषेक राज, आदित्य कुमार दुबे, आरुष गुंजन और रवींद्र पाल शामिल रहे।

प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में आदर्श सिंह, श्रेयांश पाठक और सत्यम कुमार रजवार ने अपने प्रदर्शन के दम पर पहले दौर में क्वालीफाई किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में अर्पित कुमार सिंह ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए अगले दौर के लिए स्थान बनाया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य के.आर. झा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और अनुशासन के लिए महत्वपूर्ण है।
आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष ने भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद की सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान प्रतिबद्ध है।



