भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मनाई जयंती 

अनूप सिंह 

कांडी – प्रखंड मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर पुष्प-माला अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों को नमन किया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष शशि रंजन दुबे ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे।

उनका अंत्योदय का सपना था कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। आज भाजपा उसी अंत्योदय के मंत्र पर चलकर राष्ट्र निर्माण में लगी है। हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके बताए हुए त्याग, सेवा और राष्ट्र प्रेम के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि पंडित जी की जीवनी हम सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। मौके पर सुरेन्द्र सिंह, ललन राम, अंजू देवी, नीतीश कुमार, रामलखन चंद्रवंशी, अमित पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment