शिवरी में एक साथ 15 बकरा-बकरी चोरी, वृद्धा ने थाना में आवेदन देकर पुलिस से लगाई गुहार

अनूप सिंह 

कांडी -थाना क्षेत्र के शिवरी गांव में एक वृद्ध महिला के घर से एक साथ 12 बकरी,और 3 बकरे चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता ने कांडी थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़िता संतोषी देवी (62), पति साधु पाल, ग्राम शिवरी निवासी ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे उन्होंने अपनी 12 बकरियों और तीन बकरों को घर की कोठरी में बंद कर टाटी लगा दी थी। रात करीब नौ से दस बजे के बीच परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए।

पीड़िता के अनुसार, 1 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे जब वह बकरा-बकरी देखने के लिए कोठरी खोलने पहुंचीं तो टाटी खुली हुई मिली। अंदर देखा तो सभी 15 बकरा-बकरी गायब थे। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन करने के साथ ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन चोरी हुए पशुओं का कोई सुराग नहीं मिल सका।

एक साथ 15 बकरा-बकरी चोरी होने से पीड़ित परिवार चिंतित है। वहीं पीड़ित परिवार एवं जिला परिषद प्रतिनिधि दिनेश कुमार ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी हुए पशुओं का पता लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।इधर आवेदन मिलने के बाद कांडी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment