हर मतदान केंद्र पर मेगा हेल्प डेस्क, मतदाताओं की समस्याओं का होगा समाधान,एसी कुंदन कुमार ने किया निरीक्षण

मैपिंग और तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं से दस्तावेज प्राप्त करने पर जोर

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क सह चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के साथ बैठक कर मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का निरीक्षण पलामू के एसी कुंदन कुमार ने किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों के कारण चिह्नित मतदाताओं से संपर्क कर उनके आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना था। ऐसे मतदाता, जो अब तक दावा-आपत्ति की सुनवाई के लिए उपस्थित नहीं हुए हैं, उनसे दस्तावेज प्राप्त करने तथा प्रक्रिया के दौरान आ रही कठिनाइयों की जानकारी लेकर उनका समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा, फॉर्म-6 का संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी की समीक्षा की गई। अंतिम प्रकाशन के लिए अलग रखे गए मतदाताओं में से अपात्र मतदाताओं, विशेषकर विदेशी नागरिकों की पहचान करने की प्रक्रिया पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।

एसी कुंदन कुमार ने हेल्प डेस्क की गतिविधियों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान करने और आवश्यक दस्तावेजों के संग्रहण में गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। बीएलए-2 के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने तथा विसंगतियों को दूर करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि अंतिम प्रकाशन से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाचि पदाधिकारी श्रीमती कनक, डीपीआरओ परमानंद प्रसाद सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।

Leave a Comment