विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, 10 स्थानों पर विधायक करेंगे शिलान्यास

 

विधायक नरेश प्रसाद सिंह करेंगे शुभारंभ, चार प्रखंडों में सड़क सुदृढ़ीकरण की योजनाओं पर रहेगा जोर

अनूप सिंह 

विश्रामपुर (पलामू):विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। विधायक नरेश प्रसाद सिंह विधानसभा क्षेत्र के चार प्रखंडों में 10 स्थानों पर विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण और आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

शिलान्यास कार्यक्रम ऊंटारी रोड, विश्रामपुर, पांडू और नावाबाजार प्रखंडों में आयोजित किए जाएंगे। योजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने तथा आम लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

कुल्ही से शुरू होगा शिलान्यास कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे ऊंटारी रोड प्रखंड के कुल्ही से शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सुबह 10:30 बजे विश्रामपुर प्रखंड के पहलवान मोड़ और 11:15 बजे बघमनवा में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे पांडू प्रखंड के महुगांवा (कांती) तथा 12:30 बजे कजरू खुर्द में योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

दोपहर एक बजे जनता हाई स्कूल, विश्रामपुर, 1:30 बजे निमिया और दो बजे टोना में कार्यक्रम निर्धारित है। वहीं, दोपहर 2:45 बजे नावाबाजार प्रखंड के चनेया तथा शाम 3:30 बजे शंकरडीह में शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों में शामिल है। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाती हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार जैसी सुविधाओं तक लोगों की पहुंच भी सुगम करती हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को निरंतर गति देना और जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना उनका संकल्प है। उनका प्रयास है कि विकास का लाभ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और आमजन तक पहुंचे।

विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से शिलान्यास कार्यक्रमों में भागीदारी की अपील भी की।

Leave a Comment