अनूप सिंह
बरडीहा थाना क्षेत्र में पुलिस और बाल कल्याण समिति की तत्परता से एक नाबालिग लड़की की शादी होने से बच गई। सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान का एक लड़का और उसके परिजन बरडीहा प्रखंड क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की से शादी की तैयारी कर ही रहे थे कि ग्रामीणों से सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने तत्परता दिखाते हुए CWC को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और CWC की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी।
पूछताछ में सामने आया कि लड़की के माता-पिता को भी शादी कहां हो रही है इसकी पूरी जानकारी नहीं थी। परिवार में केवल दादी को ही शादी की जानकारी थी। वहीं पुलिस अब कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि राजस्थान से परिवार बरडीहा में शादी करने कैसे पहुंचा, क्या इसमें किसी एजेंट या बिचौलिए की भूमिका है, लोगों ने दब्बे जुबान से कह रहे हैं कि क्या खरीद-बिक्री या मानव तस्करी की आशंका है, अब तक बरडीहा या आसपास की कितनी लड़कियों की शादी राजस्थान में हुई है, और उनकी वर्तमान स्थिति क्या है, क्या वे सुरक्षित हैं। लोगों के जेहन में कई सवाल घूम रहे हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच में लड़की की उम्र बालिग होने में 3 माह कम पाई गई है, फिलहाल शादी रोक दी गई है। लड़की के माता-पिता का कहना है कि दोनों परिवार राजी हैं, अब बालिग होने के बाद ही शादी होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि CWC एवं परिजन के द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। इसमें कार्रवाई संभव नहीं है, अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।



