अनूप सिंह
बिश्रामपुर(पलामू):- विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने सोमवार को चार प्रखंडों में कुल 10 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में विभिन्न गांवों में सड़क सुदृढ़ीकरण, विद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण और पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं।
विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण करने के बाद नारियल फोड़कर योजनाओं की आधारशिला रखी। उंटारी रोड प्रखंड के कुल्ही गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण, विश्रामपुर प्रखंड के बघमनवा, सिगसिगी, निमियां और टोना गांव में सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा +2 जनता उच्च विद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण और शंकरडीह में पुलिया निर्माण की आधारशिला रखी गई।

वहीं, पांडू प्रखंड के कांती और कजरू खुर्द गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण तथा नावाबाजार प्रखंड के चनेया गांव में सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे संकल्पित हैं। सड़कों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने विकास से जुड़ी योजनाओं को पूरा कराने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी हरिनाथ प्रसाद, जिला पार्षद विजय रविदास, विधायक प्रतिनिधि सुनील बैठा, सुनील शर्मा, कृष्णकांत यादव उर्फ मुन्ना यादव, हेसामुद्दीन अंसारी, राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र यादव, मनोज चौधरी, भरदुल पासवान, मनोज सिंह, महेंद्र यादव, सिराजुद्दीन अंसारी, दीपक मेहता और संवेदक अनूप जायसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



