खेलो झारखंड प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे के छात्र-छात्राओं के शानदार प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में कबड्डी खेल को बढ़ावा देने की पहल हुई तेज, कबड्डी डे-बोर्डिंग सेंटर खोलने की मांग, विधायक ने जताई सहमति

 

खेलो झारखंड में खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से बढ़ी उम्मीद, शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार मौर्य के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा): – खेलो झारखंड प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे के छात्र-छात्राओं के शानदार प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में कबड्डी खेल को बढ़ावा देने की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को विद्यालय के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार मौर्य के नेतृत्व में विजेता खिलाड़ियों ने विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह के आवास पर पहुंचकर मोरबे पंचायत में कबड्डी डे-बोर्डिंग सेंटर खुलवाने की मांग की। इस संबंध में विधायक को आवेदन सौंपकर खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।

आवेदन में कहा गया है कि पिछले चार वर्षों से मोरबे क्षेत्र के बालक एवं बालिका कबड्डी खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों ने न केवल क्षेत्र और पंचायत का नाम रोशन किया है, बल्कि झारखंड कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य से बाहर भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में कबड्डी के प्रति युवाओं का उत्साह और रुचि बढ़ी है।

शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार मौर्य ने कहा कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित अभ्यास, बेहतर प्रशिक्षण और पोषण की जरूरत है। संसाधनों की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि मोरबे पंचायत में कबड्डी डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थापना होती है, तो खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इससे वे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

इस दौरान खिलाड़ियों ने विधायक से आशीर्वाद भी लिया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों और कबड्डी के प्रति उनके समर्पण को देखकर विधायक ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने मोरबे क्षेत्र में कबड्डी डे-बोर्डिंग सेंटर खुलवाने की मांग पर सहमति जताई।

डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थापना की उम्मीद से स्थानीय खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और अभिभावकों में उत्साह है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस पहल से ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे और मोरबे कबड्डी के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Comment