कस्तूरबा विद्यालय में साइंस लैब का शिलान्यास, मोहम्मदगंज को जल्द मिलेगी एंबुलेंस

विधायक बोले- सप्ताह में दो दिन स्वास्थ्य केंद्र में आएंगे चिकित्सक, प्रखंड स्तरीय अस्पताल का दर्जा दिलाने का होगा प्रयास

अनूप सिंह 

मोहम्मदगंज(पलामू):- प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को साइंस लैब कक्ष का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने नारियल फोड़कर किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र की हर समस्या से अवगत हैं। अपने कार्यकाल में जनहित से जुड़े कार्यों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

विधायक ने मोहम्मदगंज में स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मदगंज स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही सप्ताह में दो दिन, मंगलवार और शुक्रवार को चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। इसके लिए चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। उन्होंने क्षेत्र में मरीजों की सुविधा के लिए एक एंबुलेंस उपलब्ध कराने की बात भी कही।

विधायक ने कहा कि मोहम्मदगंज को जल्द ही प्रखंड स्तरीय अस्पताल का दर्जा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में सीओ रणवीर कुमार, विद्यालय की वार्डन एवं शिक्षिकाएं, राजद के अनुमंडलीय अध्यक्ष खुर्शीद अहमद, प्रखंड अध्यक्ष पाचू रजवार, मनोज सिंह, युवा अध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार, मिथिलेश सिंह, गणेश मेहता, रामाधार यादव, कपिलदेव सिंह, परीखा मेहता, अनिल मेहता, मुखिया उमेश राम, विकास सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment