बीडीओ और थाना प्रभारी की पदयात्रा, सड़क से स्कूल तक व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश,114 नामांकित बच्चों में मात्र 4 मिले उपस्थित, मदरसा की छुट्टी का समय बदलने की हिदायत

 

अनूप सिंह 

बरडीहा प्रखंड में विकास योजनाओं,शिक्षा व्यवस्था और सुरक्षा की जमीनी हकीकत जानने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने थाना प्रभारी राहुल सिंह के साथ जत्रो बंजारी पंचायत के दूरस्थ कुसुमियादामर टोला का दौरा कर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही समाधान के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों को कड़े निर्देश दिए।

कुसुमियादामर टोला में विद्यालय और आंगनबाड़ी तक पहुंचने के लिए सड़क की समस्या पर करीब 150 से 200 ग्रामीणों की मौजूदगी में चर्चा हुई। बीडीओ ने दोनों रास्तों को ‘जी राम जी’ योजना से जोड़कर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश पंचायत समिति सदस्य अरविंद रजवार को दिया। आदर पंचायत स्थित कब्रिस्तान के रास्ते का जेसीबी से निर्माण कराया जा चुका है। इसे भी योजना में शामिल कर शीघ्र कार्य शुरू कराने का निर्देश मुखिया को दिया गया।

अकड़ी टोला के दुर्गा पूजा स्थल से जुड़े विवाद का समाधान होने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जर्जर पुलिया पर भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी। वहीं, आपसी विवाद के कारण संकरे हुए रास्ते को दोनों पक्षों से बातचीत कर पत्थर और खूंटे हटवाकर चौड़ा कराया गया।

स्कूल में चार बच्चे देख बीडीओ सख्त

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय में 114 नामांकित बच्चों में मात्र चार बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक ने बच्चों के मदरसा जाने की बात कही। इस पर बीडीओ ने मदरसा की छुट्टी सुबह आठ बजे करने और बच्चों को नौ बजे तक विद्यालय पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अगले दिन से ही इसका कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी।

दौरे के दौरान फाइलेरिया पीड़ित ग्रामीण को झोलाछाप चिकित्सकों से बचने और सरकारी अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई। साथ ही कल्याण विभाग से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया। मौके पर आदर पंचायत के मुखिया समेत सुनील विश्वकर्मा, सुनील चौधरी, राजन चौधरी, अखिलेश चौधरी, लाला सिंह, संतोष सिंह, अविनाश कुमार और रजनीकांत सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment