ब्लॉक रोड, तीन मुहान और बाजार समिति गेट पर स्थायी पुलिस व्यवस्था की मांग
अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर थाना प्रभारी अमित कुमार ने गुरुवार को शहर के व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में दुर्गा पूजा से लेकर छठ पूजा तक बाजार में बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यवसायियों ने प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त इलाकों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

बैठक में व्यवसायियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर के ब्लॉक रोड, तीन मुहान, बाजार समिति गेट सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जाम की समस्या गंभीर हो जाती है। इससे आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन स्थानों पर पुलिस की स्थायी तैनाती अथवा नियमित पेट्रोलिंग कराने की मांग की। साथ ही ब्लॉक रोड एवं अन्य व्यस्त सड़कों पर शिव मंदिर सहित विभिन्न स्थानों के समीप लगने वाले ठेलों को सड़क किनारे बनी नाली के पीछे व्यवस्थित रूप से लगाने की व्यवस्था करने की बात कही, ताकि आवागमन बाधित न हो।

व्यवसायियों ने शहर से गुजरने वाले बड़े वाहनों के परिचालन के लिए समय निर्धारित करने की मांग भी उठाई। इस पर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बड़े वाहनों के परिचालन का समय निर्धारित करने के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी को जानकारी दे दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। साथ ही व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

इधर, व्यवसाय संघ के अध्यक्ष नीरज कमलापुरी ने कहा कि नगर पंचायत से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग दोहराई।
बैठक में अजय जायसवाल, छठू चौरसिया,संजय कमलापुरी,पवन कुमार, विवेक सोनी, चंदन कमलापुरी सहित काफी संख्या में व्यवसायी उपस्थित थे।



