दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का दिया संदेश

 

दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ-सह-सीओ कनक रही शामिल

 

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को मझिआंव थाना पुलिस की ओर से शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया।

फ्लैग मार्च में दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी कनक मुख्य रूप से शामिल रहीं। वहीं, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार और बरडीहा थाना प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के विभिन्न मार्गों पर मार्च किया।

फ्लैग मार्च मझिआंव थाना परिसर से शुरू होकर लोहरपुरवा मोड़, बाइपास मार्ग और पुराने स्वास्थ्य केंद्र के रास्ते मुख्य सड़क होते हुए राधा-कृष्ण मंदिर तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस टीम तीन मुहान और ब्लॉक रोड होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंची। यहां से पुलिस पदाधिकारी एवं जवान ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण और फ्लैग मार्च के लिए रवाना हुए।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता नजर आई। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा पंडालों में आवागमन और बाजार में संभावित भीड़ को देखते हुए शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में पुलिस की यह पहल त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

फ्लैग मार्च में एसआई चंदन प्रधान, संजय मुंडा सहित एएसआई आलोक कुमार, रणवीर प्रसाद, तपेश कुमार और सालिब कुजूर समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे। प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त सक्रियता से दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने पर जोर दिया गया।

Leave a Comment