
अनुप सिंह
मझिआंव:- प्रखंड क्षेत्र के गोपालपुर गांव के बाजार प्रांगण स्थित विशेश्वर महादेव मंदिर परिसर में यज्ञ आचार्य श्री श्री 1008 श्री उदय नारायनाचार्य महाराज के तत्वाधान में आयोजित होने जा रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के विराट आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव के युवाओं की टोली युद्ध स्तर पर जुट गई है। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के इस महापर्व को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए युवा दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। यज्ञ के मुख्य संरक्षक आशीष कुमार दुबे उर्फ चिंटू दुबे के निर्देशन में धन संग्रह को लेकर युवाओं के तीन टोली गठित की गई है।जो गांव के विभिन्न टोले मोहल्लों में जाकर युवाओं की टीम श्रद्धालुओं से सहयोग राशि एकत्र कर रही है, ताकि महायज्ञ का आयोजन पूरे विधि-विधान और भव्यता के साथ संपन्न हो सके।
युवाओं का कहना है कि यह महायज्ञ न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे गांव में आपसी भाईचारा,सद्भाव और सांस्कृतिक एकता भी मजबूत होती है। इसी उद्देश्य को लेकर सभी युवा संगठित होकर घर-घर पहुंच रहे हैं और लोगों से सहयोग की अपील कर रहे हैं। ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर इस पुण्य कार्य में भाग ले रहे हैं। और अपनी श्रद्धा के अनुसार दान देकर आयोजन को सफल बनाने में योगदान दे रहे हैं।
इसके साथ ही युवाओं की टोली गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में जाकर श्रद्धालुओं को महायज्ञ में शामिल होने का निमंत्रण भी दे रही है। इस दौरान टोली के सदस्यों के द्वारा बताया जा रहा हैं कि महायज्ञ के दौरान भव्य पूजा-अर्चना, प्रवचन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में दूर-दराज से आए संत-महात्माओं और विद्वान आचार्यों के द्वारा प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ मिलेगा।
गांव के बुजुर्गों और आयोजन समिति के सदस्यों ने युवाओं के इस उत्साह और समर्पण की सराहना की है। उनका कहना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही इस तरह के बड़े धार्मिक आयोजनों को सफल बनाया जा सकता है। सभी ग्रामीणों ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ को ऐतिहासिक और यादगार बनाया जाएगा, ताकि यह आयोजन गांव की धार्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन सके।विदित हो कि इस लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के विराट आयोजन की शुरुआत 22 मार्च 2026 को कलश यात्रा के साथ होकर 27 मार्च को यज्ञ पूर्णाहुति के साथ समाप्त हो जाएगी।



