
अनूप सिंह
मझिआंव: विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में बरडीहा प्रखंड अंतर्गत सलगा से मंगरदह मुख्य पथ की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह सड़क बरडीहा, भवनाथपुर के साथ-साथ मझिआंव प्रखंड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत काफी खराब है। जिससे बरडीहा-मझिआंव प्रखंड क्षेत्र के लोगों को भवनाथपुर आने जाने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है, जबकि इस क्षेत्र के लोगों का वन विभाग रेंज ऑफिस भवनाथपुर है।

विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए कहा कि सड़क जर्जर होने के कारण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जनता की सुविधा को देखते हुए सलगा–मंगरदह मुख्य पथ का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।



