अनूप सिंह
मझिआंव:(गढ़वा):-बरडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था को लेकर बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। रविवार को किए गए औचक निरीक्षण में अस्पताल में संसाधनों की कमी, बंद लैब और आवश्यक दवाओं के अभाव समेत कई खामियां सामने आईं। बीडीओ ने मझिआंव के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दो दिनों के भीतर लैब चालू करने और सभी आवश्यक इमरजेंसी दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अस्पताल में लैब की मशीनें और दो टेक्नीशियन उपलब्ध होने के बावजूद जांच केंद्र बंद है। वहीं, एंटी स्नेक वेनम (सांप काटने की दवा), एंटी रेबीज वैक्सीन सहित जरूरी इमरजेंसी दवाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। लेबर रूम में मात्र एक एएनएम कार्यरत हैं, जो दिसंबर में सेवानिवृत्त होने वाली हैं। इससे अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बीडीओ ने अस्पताल की साफ-सफाई, शौचालय और लेबर रूम का भी जायजा लिया। पिछले वर्ष खर्च की गई राशि का विवरण और अस्पताल के रखरखाव के लिए उपलब्ध फंड के उपयोग पर भी सवाल उठाए। हालांकि, मौके पर मौजूद चिकित्सक इन बिंदुओं पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। अस्पताल का प्रभार मझिआंव के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पास है।

प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि इमरजेंसी व्यवस्था मजबूत करने के लिए उपायुक्त को पत्र लिखा जाएगा। दो दिनों में सुधार नहीं होने पर संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अस्पताल की व्यवस्था सुधारने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।



