जनकपुर धाम के महल की तर्ज पर बना ‘जगदंबा निवास’ बना आकर्षण का केंद्र,पंसा में 16वें वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन, राम विवाह उत्सव में झूमे श्रद्धालु 

अनूप सिंह 

मोहम्मदगंज (पलामू ):- दुर्गा पूजा समिति नवयुवक संघ, पंसा की ओर से इस वर्ष 16वें वर्ष दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पूजा के अवसर पर आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी रोशनी और साउंड व्यवस्था श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण समिति के सदस्यों ने अपने हाथों से किया है। पंडाल को श्री जनकपुर धाम के महल के प्रारूप पर तैयार किया गया है, जिसका नामकरण ‘जगदंबा निवास’ रखा गया है।

पूजा के दौरान पूरे गांव को भक्तिमय बनाने के उद्देश्य से समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। श्रीधाम वृंदावन से पधारीं पूज्य दीदी वंदना किशोरी जी के मुखारविंद से श्रीराम कथा का श्रवण कर श्रद्धालु भक्तिरस में डूब रहे हैं।

श्रीराम कथा के में भगवान श्रीराम के विवाह उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गीत-संगीत, कथा और आकर्षक झांकियों के माध्यम से श्रीराम विवाह प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीराम की बारात गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। बारात में ग्रामीणों और समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘आज हमारे राम जी की शादी है’ जैसे भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। पूरे वातावरण में उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

समिति के सदस्यों ने बताया कि पूजा पंडाल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अगले दिन मां दुर्गा का कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। प्रतिदिन होने वाली आरती और श्रीराम कथा में गांव के लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों में भक्ति भावना को बढ़ावा देना और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण तैयार करना है।

Leave a Comment