तलसबरिया पंचायत में वित्तीय समावेशन शिविर, 59 लोगों का बीमा और 14 के खुले बैंक खाते
अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तलसबरिया पंचायत भवन में वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) एवं भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार वित्तीय समावेशन योजना के तहत संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। अग्रगति के सीएफएल कोऑर्डिनेटर गुरुदेव विश्वकर्मा के नेतृत्व में झारखंड ग्रामीण बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं और केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में निष्क्रिय प्रधानमंत्री जनधन खातों की केवाईसी का पुनः सत्यापन, वयस्कों के नए बैंक खाते खोलने, खातों में नॉमिनी का नाम जोड़ने तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से लोगों को जोड़ने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि बीमा योजनाओं से जुड़कर वे अनहोनी की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

मुखिया महताब आलम ने कहा कि कम प्रीमियम वाली बीमा योजनाएं आम लोगों के लिए काफी उपयोगी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से बीमा कराने और बुढ़ापे में आर्थिक सहारा पाने के लिए अटल पेंशन योजना का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 18, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 16 तथा अटल पेंशन योजना के तहत 11 लोगों का नामांकन किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 14 लोगों के नए बैंक खाते खोले गए।
मौके पर बैंक प्रतिनिधि द्विरोज मंडल, बैंक सखियां गीता देवी एवं उषा देवी, एफएलसीआरपी आशा देवी, सक्रिय महिला स्वीटी देवी, सीएसपी संचालक अनिल चौधरी, शिवेश कुमार, शशिकांत कुमार सहित अन्य बैंककर्मी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

