जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए लातेहार सदर अस्पताल में 29-30 अक्टूबर को निःशुल्क जांच शिविर

आरबीएसके के तहत बच्चों की होगी जांच: डॉक्टर विशाल मिश्रा 

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा) :- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जांच एवं उपचार की दिशा में पहल की गई है। इसके तहत 29 और 30 अक्टूबर को लातेहार सदर अस्पताल में विशेष निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य जन्म से हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उन्हें समुचित उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।

इस संबंध में मझिआंव रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्ञापांक-3000, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के आलोक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से यह पहल की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग होने की जानकारी हो, तो उसे निर्धारित तिथि पर लातेहार सदर अस्पताल अवश्य लाएं।

शिविर में 29 अक्टूबर, गुरुवार और 30 अक्टूबर, शुक्रवार को बच्चों की निःशुल्क जांच की जाएगी। इससे जरूरतमंद बच्चों को बीमारी की पहचान कराने और आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

डॉ. मिश्रा ने लोगों से इस सूचना को अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा जांच की सुविधा से वंचित न रहे।

Leave a Comment