अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- प्रखंड संसाधन केंद्र बरडीहा में मध्याह्न भोजन योजना (MDM) के अंतर्गत प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनीटरिंग कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह- स्टीयरिंग-सह-मॉनीटेरिंग कमेटी अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के द्वारा की गई।
बैठक में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्टीयरिंग कमेटी के सभी सदस्यों को विद्यालयों की नियमित रूप से जांच करने का निर्देश दिया गया है। सभी सदस्यों की पहचान के लिए जल्द ही पहचान पत्र निर्गत करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। किसी भी स्थिति में मिलावटी तेल का प्रयोग न करने तथा बच्चों को अंडा परोसने से पूर्व उसकी शुद्धता की अच्छी तरह जांच करने का निर्देश दिया गया है। वहीं विद्यालय परिसर एवं रसोईघर (किचन) की साफ-सफाई पर विशेष रूप से जोर दिया गया।

इसके साथ-साथ बैठक का एक मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति को बढ़ाना था, जिस पर विशेष रूप से फोकस किया गया।

वहीं कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की आपसी गुटबाजी की बातें सामने आने पर, बीपीएम कविता कुमारी को यह निर्देशित किया गया कि वे संबंधित शिक्षकों से बात करें। शैक्षणिक परिसर में स्वस्थ शैक्षणिक माहौल बनाने तथा किसी भी प्रकार की गुटबाजी पर पूरी तरह रोक लगाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
इस बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी , विभिन्न सरस्वती वाहिनी संचालन समितियों के अध्यक्ष व संयोजिकाएं, प्रधानाध्यापक संतोष पाण्डेय तथा पत्र में उल्लिखित अन्य सभी संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

