अनूप सिंह
गढ़वा:- मझिआंव क्षेत्र में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) चार परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में कक्षा छह से आठवीं तक तथा दूसरी पाली में कक्षा एक से पांचवीं तक के अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता से शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रही और परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
उपलब्ध समेकित आंकड़ों के अनुसार, पहली पाली में कुल 2032 परीक्षार्थियों में 1510 उपस्थित रहे, जबकि 522 अनुपस्थित दर्ज किए गए। वहीं, दूसरी पाली में 1199 परीक्षार्थियों में 760 ने परीक्षा दी और 439 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्था के तहत परीक्षा संचालित की गई।

सीबेसर चंद्रवंशी इंटर कॉलेज में केंद्र अधीक्षक सह प्राचार्य मिथिलेश प्रसाद सिंह और दंडाधिकारी आनंद भूषण की देखरेख में परीक्षा हुई। शिवेशर चंद्रवंशी डिग्री कॉलेज में केंद्र अधीक्षक संजीत कुमार की निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। वहीं, आरके पब्लिक विद्यालय, ऊंचरी में केंद्र अधीक्षक सह प्राचार्य केआर झा तथा दंडाधिकारी अजीत कुमार की देखरेख में परीक्षा आयोजित की गई। मुखदेव प्लस टू उच्च विद्यालय में केंद्र अधीक्षक आरएस ओझा और दंडाधिकारी शशि कुमार की निगरानी में परीक्षा ली गई।
यातायात व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे थाना प्रभारी
परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अमित कुमार सक्रिय रहे। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त इलाकों में पुलिस जवानों की तैनाती कराई। साथ ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन की सतर्कता से परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही और परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में सहूलियत हुई।

