समिति के द्वारा महाव्रत छठ को लेकर 7 नवंबर को वृहत सफाई अभियान का लिया गया निर्णय 

 अनूप सिंह 

कांडी : सतबहिनी झरना तीर्थ में समिति के द्वारा महाव्रत छठ को लेकर 7 नवंबर को वृहत सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान समिति के सभी कोटि के सदस्यों व श्रद्धालुओं से अभियान में भाग लेने की अपील की गई है। अभियान की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह विधायक नरेश सिंह करेंगे। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में लोक आस्था के महापर्व छठ के विराट महा अनुष्ठान के आयोजन को लेकर 7 नवंबर 2026 शनिवार को वृहत सफाई अभियान चलाए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

2 नवंबर को मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि महाव्रत छठ शुद्धता व संपूर्ण स्वच्छता का पवित्र त्यौहार है। महापर्व के दौरान यहां पर कई सुदूर प्रदेशों व राज्य के विभिन्न जिलों से लाखों की संख्या में निराहार छठव्रती, उनके परिजन व दर्शकों का आगमन होता है। इसलिए तीनों छठ घाट, झरना घाटी, यज्ञशाला मैदान, मेला मैदान, दोमंजिला मंदिर परिसर, बड़ा तालाब क्षेत्र आदि की संपूर्ण सफाई आवश्यक है। जिसे हम सभी मिलकर 7 नवंबर को बखूबी पूरा करेंगे। उन्होंने समिति के सभी कोटि के सदस्यों व सभी श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। इस मौके पर सतबहिनी के संत हरिदास जी महाराज, नवलकिशोर तिवारी, नंदलाल दुबे, सुदर्शन तिवारी,गोरख सिंह, बटेश्वर सिंह, दीनानाथ प्रसाद सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Comment